गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति रविवार को भी गंभीर बनी रही। ब्रह्मपुत्र सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं हैं। 29 जिलों के करीब 24 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित है। इस साल बाढ़, भूस्खलन, तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। 53 हजार से अधिक लोग 577 राहत शिविरों में शरण ले रहे हैं, वहीं मणिपुर के इंफाल घाटी में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है।मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को कामरूप जिले में राहत शिविरों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस बीच गुवाहाटी में स्कूटर से फिसलकर नाले में गिरे बच्चे का शव तीन दिन बाद रविवार को मिल गया है।गोवा के पाली जलप्रपात में रविवार को भारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ जाने के बाद करीब 80 लोग फंस गए। इनमें से 50 लोगों को बचा लिया गया, जबकि 30 लोग अब भी फंसे हुए हैं।महाराष्ट्र के ठाणे में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ में जलमग्न एक रिसार्ट से रविवार को एनडीआरएफ ने 49 लोगों बचाया। एनडीआरएफ ने पालघर में 16 ग्रामीणों को भी बचाया। ग्रामीण खेतों में काम कर रहे थे उसी समय पास के तानसा बांध में जलस्तर बढ़ने के बाद आई बाढ़ में फंस गए थे।
Purvanchal Today Latest & Breaking News Updates In Hindi