भोपाल । अक्टूबर त्योहारों का महीना है। इस महीने दशहरा, करवा चौथ और दीपावली जैसे बड़े त्योहार पड़ रहे हैं। इस वजह से सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले है। भोपाल में 11 अक्टूबर और 1 नवंबर को लोकल हॉली-डे भी घोषित किया गया है। इससे सरकारी कर्मचारियों को दशहरे पर लगातार 3 दिन और दीपावली पर 4 दिन की छुट्टी मिलेगी।
12 अक्टूबर को दशहरा है। इससे पहले 11 अक्टूबर (शुक्रवार) को महाअष्टमी-नवमीं पर स्थानीय अवकाश रहेगा। अगले दिन शनिवार और रविवार को सरकारी अवकाश रहेगा। इस हिसाब से कर्मचारियों को लगातार 3 दिन छुट्टी मिल सकेगी।
31 अक्टूबर को दीपावली है। इस दिन गुरुवार है। इसके दूसरे दिन 1 नवंबर (शुक्रवार) को भोपाल में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। शनिवार और रविवार को सरकारी अवकाश है। इस हिसाब से दीपावली पर लगातार 4 दिन तक छुट्टियां मिल सकेंगी।
अक्टूबर में कर्मचारी सिर्फ 20 दिन दफ्तर जाएंगे और 11 दिन अवकाश मनाएंगे। कोई बाहर (यात्रा पर) जाने का प्लान कर रहा हो, तो 18 अक्टूबर का अवकाश लेकर 4 दिन की लगातार छुट्टी मना सकता है। क्योंकि 17 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकी जयंती की छुट्टी है और 19 एवं 20 अक्टूबर को शनिवार और रविवार का अवकाश है।
बैंकों में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, 6 अक्टूबर को रविवार होने से छुट्टी रही। 12 अक्टूबर को दशहरा एवं दूसरे शनिवार और 13 अक्टूबर को रविवार का अवकाश रहेगा। 26 को माह के चौथे शनिवार, 27 को रविवार और 31 अक्टूबर को दीपावली के कारण बैंक बंद रहेंगे। भोपाल गैस त्रासदी स्मृति दिवस 3 दिसंबर (मंगलवार) को भी स्थानीय अवकाश है। यह केवल भोपाल शहर के लिए रहेगा। यानी, जिला मुख्यालय के ऑफिस बंद रहेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के ऑफिस खुले रहेंगे।
Purvanchal Today Latest & Breaking News Updates In Hindi