समंदर में भारतीय नौसेना डाकुओं के लिए काल बनी हुई है। भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को एक ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज को समुद्री डाकुओं को कब्जे से छुड़ाया और 23 सदस्यीय पाकिस्तानी चालक दल को भी सुरक्षित निकाल लिया।
नौसेना ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें देखा जा सकता है कि अल-कंबर 786 जहाज का पाकिस्तानी चालक दल ‘इंडिया जिंदाबाद’ के नारे लगा रहा है।
बता दें कि भारतीय नौसेना ने 9 हथियारबंद समुद्री डाकुओं को भी गिरफ्तार कर लिया। इन डाकुओं ने ही जहाज को हाइजैक कर लिया था।
मैरीटाइम एंटी पाइरेसी ऐक्ट 2022 के मुताबिक भारत समुद्री डाकुओं के खिलाफ आगे की कार्रवाई करेगा।
नौसेना ने कहा कि उसे एक ईरानी मछली पकड़ने वाली जहाज अल कंबर 786 को हाइजैक करने की सूचना मिली थी। यह जहाज 28 मार्च को यमन में सोकत्रा से 90 नॉटिकल माइल की दूरी पर था।
नौसेना के मुताबिक दो जहाजों को अरब सागर में तैनात किया गया था। इन जहाजों ने हाइजैक किए गए जहाज को रोका। आईएनएस सुमेधा और आईएनएस त्रिशूल इस काम में लगाए गए थे।
नौसेना ने कहा, 12 घंटे से ज्यादा की मशक्कत के बाद समुद्री डाकुओं को सरेंडर करने के लिए मजबूर कर दिया गया। इसपर सवार 23 पाकिस्तानियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उनका मेडिकल कराया गया और फिर जाने दिया गया।
बता दें कि नौसेना अध्यक्ष एडमिरल आर हरिकुमार ने पहले भी कहा था कि सुरक्षित समुद्री क्षेत्र बनाने के लिए भारतीय नौसेना प्रतिबद्ध है। हाल ही में सोमालिया के तट पर भी समुद्री लुटेरों को पकड़ा गया था।
इन्हें लेकर आईएनएस कोलकाता भारत पहुंच चुका है।
समुद्री लुटेरों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अरब सागर में अदन खाड़ी में मालवाहक पोतों की सुरक्षा के लिए भारतीय नौसेना ने अपने पोत तैनात किए हैं।
Purvanchal Today Latest & Breaking News Updates In Hindi