रूस की एक अदालत ने न्यूड पार्टी की मेजबानी कर चर्चा में आने वाली टीवी एंकर और एक्ट्रेस अनास्तासिया इविलेवा पर 50,000 रूबल (560 अमेरिकी डॉलर) का गुरुवार को जुर्माना लगाया।
अदाकारा पर अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यूक्रेन के साथ शांति का आह्वान कर सेना को बदनाम करने के लिए जुर्माना लगाया गया।
इविलेवा के खिलाफ तब जनआक्रोश फूट पड़ा था जब उन्होंने दिसंबर में एक पार्टी की मेजबानी की जिसमें मेहमानों को लगभग निर्वस्त्र अवस्था में आने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इविलेवा गैर-आपराधिक मामले में अदालत में पेश नहीं हुईं। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के शुरुआती दिनों में शांति और बातचीत का आह्वान करने वाले दो सोशल मीडिया पोस्ट के लिए उन पर जुर्माना लगाया गया।
अदालत ने उन्हें सेना को बदनाम करने वाली टिप्पणियों के संदर्भ में कानून का उल्लंघन करने का दोषी पाया, हालांकि पोस्ट के कई दिन बाद कानून पारित किया गया था।
मास्को के एक नाइट क्लब में पार्टी की मेजबानी करने के बाद इविलेवा सुर्खियों में आ गई थीं। उन्होंने जो निमंत्रण पत्र भेजा था उसमें मेहमानों से ‘ड्रेस कोड’ के तौर पर लगभग निर्वस्त्र अवस्था में आने को कहा गया था।
एक जाने-माने रैपर भी बेहद कम कपड़ों में नजर आए थे। पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हुईं।
जन प्रतिनिधियों, ब्लॉगर और अन्य ने इस तरह के आयोजन की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए युद्ध में उलझे देश के लिए इसे अशोभनीय बताया था।
Purvanchal Today Latest & Breaking News Updates In Hindi