अहमदाबाद। अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का निधन हो गया है। टेकऑफ के महज दो मिनट बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान ने दोपहर 1:38 पर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और 1:40 पर 625 फीट की ऊंचाई पर ही विमान मेघानी नगर के रियायशी इलाके में गिर गया था।
इस दर्दनाक हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का निधन हो गया है। इस बात की आधिकारिक पुष्टि भाजपा के राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए की है।
परिमल नाथवानी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि विजय भाई रुपाणी जी के दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में मौत अत्यंत दुखदायी है। गुजरात ने अपना एक सच्चा जन सेवक खो दिया है।
जानकारी के मुताबिक विजय रुपाणी एयर इंडिया की फ्लाइट से लंदन जा रहे थे। उन्हें बिजनेस क्लास में सीट आवंटित थी। दुर्घटना के समय वह विमान में मौजूद थे और हादसे के बाद से ही उनकी तलाश जारी थी। हालांकि देर शाम उनकी मौत की पुष्टि की गई है।
फ्लाइट में यात्रियों के संख्या की बात करें तो फ्लाइट में कुल 230 यात्री शामिल थे। इसके अलावा 12 क्रू सदस्य भी शामिल थे। जिनमें 169 भारतीयों के अलावा 53 ब्रिटिश और 7 पुर्तगाली नागरिक भी शामिल थे।
Purvanchal Today Latest & Breaking News Updates In Hindi