इजरायल के तट से करीब 90 किलोमीटर दूर भूमध्य सागर की तलहटी में 3,300 वर्ष पुराना मालवाहक जहाज मिला है। ईसा पूर्व 14 वीं सदी के इस जहाज में कांस्यकालीन वस्तुएं मिली हैं। इस जहाज की जानकारी इजरायल के पुरातत्व विभाग और ब्रिटेन की तेल व गैस कंपनी इनरजेन के संयुक्त प्रयास से सामने आई है।
12-14 मीटर लंबा यह जहाज समुद्र में 1.80 किलोमीटर की गहराई में पाया गया है। इस पर वनस्पतियों, चूने और अन्य रासायनिक पदार्थों की मोटी परत मिली है। इसे अभी बाहर नहीं लाया गया है। गहरे समुद्र में पानी के भीषण दबाव के बीच जहाज को समुद्र की सतह पर लाना बेहद मुश्किल भी है। गहरे समुद्र में पाया गया यह अब तक का सबसे पुराना जहाज है।
जहाज की आयु का पता लगाया गया
भूमध्य सागर में गैस की खोज करते हुए इनरजेन का भेजा रोबोट 2023 में जहाज के नजदीक पहुंचा था। वहां से उसकी भेजी गईं फोटो और वीडियो से जहाज का पता चला और उसके बाद इजरायल के पुरातत्व विभाग की मदद से जहाज की आयु का पता लगाया गया। इसके लिए इनरजेन और इजरायल के पुरातत्व विभाग ने जहाज के दोनों सिरों से दो नमूने मंगवाए और उनका परीक्षण किया।
इस परीक्षण में ही जहाज के 3,300 वर्ष पूर्व का होने का पता चला। विभाग के शोध से पता चला कि जहाज तूफान का शिकार होकर या समुद्री लुटेरों के हमले में मार्ग के बीच में डूबा था। कांस्यकाल में समुद्री लुटेरे सक्रिय थे और वे आने-जाने वाले जहाजों पर हमले कर उन्हें लूटते थे या नुकसान पहुंचाते थे।
ये सामान लेकर जा रहा था जहाज
जहाज में प्राचीन ग्रीस में इस्तेमाल होने वाली कुछ वस्तुएं मिली हैं। माना जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हुआ जहाज तेल, शराब और कुछ कृषि उत्पाद लेकर जा रहा था। जहाज जिस समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ उस समय नजदीक ही मिस्त्र का अस्तित्व था और वहां पर विकसित सभ्यता थी।
Purvanchal Today Latest & Breaking News Updates In Hindi